चन्द्र दर्शन हिंदू मान्यताओं में धार्मिक महत्व रखता है। हर माह जब अमावस्या के बाद पहली बार चंद्रमा दिखाई देते हैं उस दिन चंद्र दर्शन दिवस भारत के लगभग हर हिस्से में बहुत श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है। इस दिन चंद्रदेव की पूजा करने और व्रत रखने का विधान हैं। सूर्यास्त के ठीक बाद के समय को चन्द्रमा को देखने के लिए या चंद्र दर्शन के लिए सबसे अनुकूल समय माना गया है। चंद्रदेव को ज्ञान, बुद्धि और मन का स्वामी ग्रह माना गया है। जिन जातकों की जन्मपत्री में चंद्रमा नीच का हो या जो लोग मानसिक तनाव में रहते हैं उन्हें चन्द्र दर्शन जरूर करना चाहिये। शास्त्रों के अनुसार, चंद्रमा को औषधियों का स्वामी और मन का कारक माना जाता है। चंद्रमा को अर्घ्य देने से सौभाग्य का भी आशीर्वाद प्राप्त होता है।